संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की चार बॉक्सर मथुरा में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पंच लगाएंगी। प्रतियोगिता के लिए बॉक्सरों का चयन मेरठ मंडल ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है। ट्रायल में गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और बागपत की बॉक्सरों ने भाग लिया था।
ट्रालय में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर 37-40 किग्रा भार वर्ग में अविका, 40-43 किग्रा में नेहा कुमारी, 64-67 किग्रा में गरिमा और 67-70 किग्रा वर्ग में इप्सा मेहता का चयन हुआ है। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम की बॉक्सिंग कोच ज्योति नागर व कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक ने बताया कि क्षेत्रीय खेल कार्यालय के निर्देशन में बृहस्पतिवार को मेरठ में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया गया था। खेल निदेशालय के निर्देश पर मथुरा के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में 24 से 27 जुलाई तक सब जूनियर बालिका वर्ग में प्रदेश स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
जिला तैराकी ट्रायल में नहीं पहुंचे तैराक
प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के वाईएमसीए में सब जूनियर व जूनियर महिला व पुरुष वर्ग में जिला स्तरीय तैराकी ट्रायल का आयोजन होना था। लेकिन तैराकों के नहीं आने से ट्रायल नहीं हुआ।