रुड़की स्थित सीओईआर विश्वविद्यालय में 15 से 18 जनवरी तक होगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के चार पैरा एथलीट उत्तराखंड में 15 से 18 जनवरी तक होने वाली राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। एथलीटों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ है।
उत्तराखंड के रुड़की स्थित सीओईआर विश्वविद्यालय में महिला और पुरुष वर्ग में जूनियर व सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में जिले से पुरुष वर्ग में तीन एथलीट 72 किग्रा भार वर्ग में नितिन, 80 किग्रा में मोहित व 115 किग्रा में श्याम सिंह और महिला वर्ग में 79 किग्रा में लक्ष्मी शर्मा उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
जिला पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव जसवंत सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी खिलाड़ियों का चयन 21 से 22 दिसंबर तक बरेली में राज्य पैरा एथलेटिक्स व पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के आधार पर हुआ हैं। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नीरज कुमार शर्मा ने एथलीटों को जीतने की बधाई दी।
-
मैंने कड़ी मेहनत की है और पूरा प्रयास रहेगा कि उत्तर प्रदेश के लिए पदक जीतकर लौटूं। -नितिन।
मैं पूरी तैयारी के साथ उतर रहा हूं। उम्मीद है कि प्रदेश व जिले का नाम रोशन कर सकूंगा। -मोहित।
राज्य प्रतियोगिता में जीत के बाद मेरा हौसला और बढ़ा है। आगे बेहतर प्रदर्शन का पूरा भरोसा है। -श्याम सिंह
महिला पैरा एथलीट के रूप में राष्ट्रीय मंच तक पहुंचना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। -लक्ष्मी शर्मा