- आरोपी खुद को बताते थे माइक्रोसॉफ्ट के इंजीनियर, पांडव नगर में चला रहे थे फर्जी कॉल सेंटर
- पुलिस ने आरोपियों से तीन लैपटॉप, एक डेस्कटॉप, आठ मोबाइल, दो वाइफाई राउटर किए बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। खुद को माइक्रोसॉफ्ट का इंजीनियर बताकर अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने वाले चार आरोपियों को पूर्वी जिला के साइबर थाना पुलिस ने पांडव नगर में एक फर्जी कॉल सेंटर से दबोचा है। आरोपी अमेरिकी नागरिकों को प्रिंटर्स ड्राइवर्स, एंटीवायरस, विंडो के तमाम प्रोग्राम के अपडेट करने का झांसा देकर ठगी करते थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान अलावलपुर, थाना सदर, दर्शन नगर अयोध्या निवासी अंकित मिश्रा उर्फ ऋषभ (26), गिरिजा नगर, गडियाना, कानपुर, यूपी निवासी सादाब शेख (25), दिल्ली निवासी प्रमोद कुमार (25) और शोभित चंद (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन लैपटॉप, एक डेस्कटॉप, आठ मोबाइल, दो वाइफाई राउटर व अन्य सामान किया है। आरोपी अंकित मिश्रा और सादाब शेख बीटेक इंजीनियर हैं, जबकि प्रमोद बीसीए और शोभित ने बीकॉम पास है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी छह माह में 12-13 लाख की ठगी कर चुके हैं। पुलिस इनके बैंक खातों की जांच कर रही है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त अमरुथा गुगुलोथ ने बताया कि 29 मार्च को सूचना के बाद साइबर थाना पुलिस के इंस्पेक्टर गौरव चौधरी की टीम ने पांडव नगर के एक मकान में चौथी मंजिल पर चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी की थी। यहां खुद को माइक्रोसॉफ्ट का इंजीनियर बताकर अमेरिकी नागरिकों से आईटी से संबंंधित समस्याओं को दूर करने के नाम पर 100 से 200 डॉलर वसूलते हुए आरोपी मिले। ठगी की रकम को पे-पाल अकाउंट में मंगाया जा रहा था। बाद में उस रकम को अपने अपने खातों में ट्रांसफर कर रहे थे। इनसे पूछताछ जारी है।