जानलेवा हमले के मामले में पिता-पुत्र समेत चार आरोपी बरी
ग्रेटर नोएडा। नोएडा थाना फेज-दो क्षेत्र में वर्ष 2012 में हुए नाली विवाद को लेकर जानलेवा हमले के मामले में अदालत ने चार लोगों को संदेह का लाभ देते हुए सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने आरोपी रामनिवास व उसके तीन पुत्र महेश, राम सिंह और मुकेश को बरी किया है। मामला गांव भंगेल का है। जहां 29 अगस्त 2012 को वादी मामचन्द ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पड़ोसी रामनिवास, उसके बेटे और अन्य लोग नाली के विवाद को लेकर लाठी-डंडों व हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस हमले में वादी और उसके दोनों बेटों कृष्ण कुमार व अशोक को गंभीर चोटें आईं थीं। पुलिस ने मामले में धारा-452 (गृहभेदन), 307 (हत्या का प्रयास), 325 (गंभीर चोट), 504 व 506 (गाली-गलौज व धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपपत्र दाखिल किया था। ब्यूरो