पत्नी की जमीन को अपनी बता एग्रीमेंट कर 8 लाख रुपये हड़पे
तावडू। पत्नी के नाम की जमीन को अपनी बता एग्रीमेंट कराकर 8 लाख रुपये हड़पनेे का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी दंपती मकसूद और उसकी पत्नी असलूपी निवासी गांव पचगांवा थाना तावडू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पीड़ित जबरू निवासी गांव बुराका थाना तावडू ने बताया कि गांव पचगांवा निवासी मकसूद की जमीन उसकी जमीन के बगल में है। दो साल पहले आरोपी दंपती उसके पास आए और पीड़ित को अपनी जमीन बेचने की इच्छा जाहिर की। पीड़ित द्वारा उनकी जमीन लेने से मना करने के बावजूद आरोपी बार-बार मना उसके पास आते रहे और अपनी मजबूरी जाहिर करने लगे। पीड़ित के मुताबिक आरोपी मकसूद ने 5 कनाल 11 मरला जमीन का सौदानामा 12 लाख रुपये एकड़ के हिसाब से पीड़ित के हक में एग्रीमेंट करा दिया। 18 अगस्त 2017 को गवाहों के सामने पीड़ित ने आरोपी को 8 लाख रुपये नकद दे दिए गए और बाकी रुपये रजिस्ट्री के दौरान देने का करार किया गया। पीड़ित का आरोप है कि जब तय तिथि 26 फरवरी 2018 को वह तहसील में रजिस्ट्री कराने पहुंचा तो आरोपी तहसील में नहीं मिले। पीड़ित ने जब अगले दिन आरोपी के घर जाकर रजिस्ट्री नहीं कराने का कारण पूछा तो उन्होंने अपनी मजबूरी जाहिर करते हुए दो चार दिन बाद रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। लेकिन इसके बाद भी आरोपी रजिस्ट्री कराने नहीं आया और अभद्रता करने लगा। पीड़ित का कहना है कि जिस जमीन का सौदा आरोपी ने उसके साथ किया था वह जमीन उसके नाम ही नहीं है। धोखाधड़ी कर आरोपी ने पत्नी के नाम की जमीन को अपनी बताकर एग्रीमेंट किया है। पीड़ित का कहना है कि बिरादरी तौर पर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया लेकिन आरोपी नहीं माना।