सोशल मीडिया पर विदेशी युवती से दोस्ती करने के चक्कर में रिटायर्ड आईपीएस ने 8.17 लाख रुपये गंवा दिए। युवती ने लंदन से लखनऊ डेढ़ करोड़ रुपये लेकर आने का झांसा दिया और एयरपोर्ट पर कस्टम ड्यूटी से लेकर अन्य मदों में उनसे रुपये ऐंठ लिए। रिटायर्ड आईपीएस ने नोएडा साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड आईपीएस आरपी सिंह ने शिकायत दी है कि जब वे ट्रैफिक निदेशालय में तैनात थे तो विदेशी एक्सपर्ट टीम के साथ बैठक हुई थी। इसमें जेनेट भी शामिल थी। पिछले दिनों जेनेट से उनकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। मई में जेनेट ने कहा कि वह लंदन से लखनऊ आने वाली है।
कुछ दिन बाद मुंबई एयरपोर्ट का नाम लेकर किसी ने आरपी सिंह को फोन कर कहा कि जेनेट लंदन से डेढ़ करोड़ रुपये लेकर आई है। जेनेट व पैसे छुड़वाने के लिए कस्टम ड्यूटी के रूप में पहले 68 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद फिर मनी लांड्रिंग क्लियरेंस के नाम पर ढाई लाख रुपये ले लिए।
अन्य मदों में कई बार में कुल 8.17 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। मामले में सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में जेनेट व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।