बीमारी से तंग 74 साल के बुजुर्ग ने सुसाइड नोट लिखकर दी जान
- वर्ष 2009 में हुए थे सेवानिवृत, पूर्वांचल रॉयल सिटी में सपरिवार रहते थे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीमारी से तंग आकर चाई-5 सेक्टर स्थित पूर्वांचल रॉयल सिटी सोसाइटी में रहने वाले सत्येंद्र नाथ दत्त (74) ने शनिवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सतेंद्र दत्त ने अंग्रेजी में लिखे छह लाइन के सुसाइड नोट में गंभीर बीमारी से परेशान होने कदम उठाने की बात कही है। सतेंद्र ने लिखा है कि इस कदम के लिए वह खुद जिम्मेदार हैं वह परिजनों को परेशान नहीं करना चाहते थे।
बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि सत्येंद्र पित्त की थैली में गंभीर बीमारी से परेशान थे। घटना के दौरान परिजन कहीं बाहर गए थे। लौटने पर परिजन उन्हें फंदे से उतारकर कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में ले गए। लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस को सत्येंद्र नाथ के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। सत्येंद्र नाथ गाजियाबाद की कंपनी से वर्ष 2009 में केमिस्ट पद से सेवानिवृत हुए थे। उनके साथ परिवार में पत्नी नीलम दत्त, पुत्र कुनाल दत्त, पुत्रवधु, नाती क्रिस और नातिन नायसा रह रहे थे।
पहले भी दी है बुजुर्गों ने जान
11 जुलाई 2023 - को ग्रेनो वेस्ट की ग्रीन आर्क सोसाइटी में 80 साल के बुजुर्ग ने की खुदकुशी।
3 अप्रैल 2023 - ग्रेटर नोएडा में बेटे और पति से अलग रही सेवानिवृत्त डॉक्टर अमिया कुमारी सिन्हा (70) का शव सड़ी गली हालत में उनके घर से बरामद हुआ।
22 जनवरी 2022 - ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी की तीसरी मंजिल के फ्लैट में रहने वाले कारोबारी दीपक कुमार गुप्ता (60) ने पत्नी मृदुला गुप्ता (59) की हत्या कर खुदकुशी कर ली।
01 जुलाई 2022 - पंचशील ग्रींस-2 सोसाइटी में 73 वर्षीय बुजुर्ग ने 10 वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।
23 नवंबर 2022 - ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चेरी काउंटी सोसाइटी में आधी रात को बुजुर्ग महिला ने 22वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली।