फ्लैट दिलाने के नाम पर दुबई निवासी शख्स से 18 लाख की ठगी
- कोर्ट के आदेश पर दो भाइयों समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दुबई में रहने वाले शख्स से नोएडा की सोसाइटी में फ्लैट दिलाने के नाम पर 18.70 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में दो भाइयों नरेला निवासी लव व कुश वर्मा और नरेंद्र समेत तीन लोगों पर ठगी का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से नरेला दिल्ली निवासी राहुल दुबई में नौकरी करते हैं। कोर्ट को दी अर्जी में राहुल ने कहा कि वर्ष 2014 में उनकी मुलाकात नरेला निवासी कुश वर्मा और भाई लव वर्मा से हुई थी। लव और कुश से मुलाकात के दौरान राहुल ने नोएडा में फ्लैट लेने की इच्छा जताई। बाद दोनों ने राहुल को सेक्टर-113 स्थित सुपरटेक नार्थ आई में फ्लैट के बिकने की जानकारी दी। दोनों ने शिकायतकर्ता को बताया कि नरेला के नरेंद्र कुमार फ्लैट बेचने के इच्छुक हैं। कुश, लव और नरेंद्र के साथ वह नोएडा में फ्लैट देखने आए। उस समय फ्लैट निर्माणाधीन था। फ्लैट का सौदा 25 लाख रुपये में तय हुआ था। इसके बाद राहुल ने शुरू में पांच लाख रुपये एडवांस के तौर दिया। इसके बाद वर्ष 2018 में 13.70 लाख रुपये बैंक से ट्रांसफर किए।
आरोप है कि कई वर्षों तक रजिस्ट्री के लिए टरकाया गया। इसके बाद राहुल ने पता लगाया तब जानकारी हुई कि यह फ्लैट उनके नाम नहीं है। जब पीड़ित राहुल ने तीनों से पैसे वापस मांगे तब नहीं लौटाया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के शिकायत करने पर पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।