42 किलो गांजा के साथ लोक गायक समेत दो गिरफ्तार
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने 42 किलो गांजा के साथ एक लोक गायक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। लोक गायक साथी के साथ मथुरा से गांजा लाकर नोएडा और एनसीआर के अन्य शहरों में सप्लाई करता था। पुलिस अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आरोपियों की पहचान नया बांस अलीगढ़ निवासी मुकेश प्रधान और राघव गढ़ी अलीगढ़ निवासी चंद्रवीर के रूप में हुई है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांजे की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। इनके पास से एक एसयूवी भी मिली है।
एसीपी-2 रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने मंगलवार को सेक्टर-57 रेड लाइट के पास से दो गांजा तस्करों को दबोच लिया। मुकेश प्रधान लोक गायक है और यूट्यूब पर उसकी कई वीडियो हैं। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी कई महीनों से गांजे की सप्लाई कर रहे थे। मथुरा में कहां से गांजा लेकर आते थे, पुलिस पता लगा रही है। इसके अलावा यह लोग नोएडा व अन्य शहरों में किसे सप्लाई करते थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।