दिल्ली से डायवर्ट होकर पहली बार एयर इंडिया के विमान ने नोएडा एयरपोर्ट पर की लैंडिंग
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में बृहस्पतिवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश के कारण विमानों का परिचालन प्रभावित हुआ। खराब मौसम के चलते दिल्ली आने वाली पांच उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। इनमें से एक एयर इंडिया की फ्लाइट को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया, जबकि चार उड़ानों को जयपुर भेजा गया। दिल्ली से डायवर्ट होकर पहली बार एयर इंडिया के विमान ने नोएडा एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
एयरपोर्ट के एक अधिकारी के मुताबिक, डायवर्ट की गई पांच उड़ानों में एयर इंडिया की तीन, एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और एक मालवाहक उड़ान शामिल थी। एयर इंडिया की उड़ानें अहमदाबाद, भोपाल और बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थीं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भुवनेश्वर से आई थी, जबकि मालवाहक विमान मकाओ से आ रहा था। एयर इंडिया की एआई-1117 फ्लाइट को सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण इसे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। विमान दोपहर 1:44 बजे यहां उतरा।
बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ अन्य उड़ानों के परिचालन में भी देरी हुई। हालांकि, नोएडा एयरपोर्ट पर अधिकांश उड़ानें निर्धारित समय पर संचालित हुईं। किसी भी फ्लाइट के रद्द होने की सूचना नहीं मिली।