रजिस्ट्री और सुविधाएं नहीं मिलने से परेशान हैं लोग, बिल्डर व प्राधिकरण खोला मोर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
गर्मी के बीच फिर ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों में फ्लैट खरीदारों ने एक साथ मिलकर बिल्डर और प्राधिकरण के खिलाफ हल्ला बोला। रविवार को 15 से अधिक सोसाइटियों के खरीदारों ने प्रदर्शन किया और समस्याओं का समाधान कराने की मांग करते हुए आवाज बुलंद की। काफी सोसाइटी में खरीदार रजिस्ट्री नहीं होने से परेशान हैं, जबकि कई सोसाइटी के निवासियों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। खरीदारों ने समस्याओं का समाधान न होने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
ग्रेनो वेस्ट की विभिन्न सोसाइटियों के निवासी रजिस्ट्री की मांग को लेकर 24 सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को खरीदारों ने अपनी-अपनी सोसाइटी पर प्रदर्शन किया। इको विलेज वन सोसाइटी के निवासी 22 दिन से सुविधा देने की मांग को लेकर धरना पर बैठे हैं। निवासियों ने कैंडल मार्च भी निकाला था। इको विलेज दो के राजकुमार, अनुपम, पंकज, उमानाथ, देवेश, मनोज,ज्योति, वर्षा, योगेश समेत अन्य निवासियों ने भी बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया और रजिस्ट्री कराने की मांग की। इधर, कासा ग्रीन सोसाइटी के सैकड़ों निवासियों ने एओए के साथ मिलकर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। मेंटेनेंस और सेल्स ऑफिस बंद कराकर बिल्डर को चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। मेंटेनेंस शुल्क बंद कर एओए अपने हाथ में रखरखाव की जिम्मेदारी लेगी। एओए के अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि मेंटेनेंस एजेंसी तत्काल शिकायत का समाधान करना होगा। वहीं, गौड़ सिटी स्थित रक्षा एडेला सोसाइटी के खरीदारों ने रजिस्ट्री नहीं होने पर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पंकज, तरुण, वेद सोनी, अंशुल, अजय, गुरमैल, अशोक समेत अन्य ने बैनर व पोस्टर के साथ मांगों को बुलंद किया।
इसके अलावा देविका गोल्ड होम्स में अनुराग खरे, हिमांशु सक्सेना, अभिषेक, आनंद, राजेंद्र, रोहित जायसवाल समेत अन्य खरीदारों ने रजिस्ट्री और सुविधाएं नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। मॉर्फियस प्रतीक्षा, एपैक्स गोल्फ एवेन्यू के खरीदारों ने भी रजिस्ट्री व अन्य समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रेटर नोएडा की मिगसन ग्रीन मेंशन सोसाइटी के निवासियों ने भी रजिस्ट्री नहीं होने पर प्रदर्शन किया। बिल्डर पर प्राधिकरण और प्रशासन के नियमों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
मेंटेनेंस एजेंसी व बिल्डर के खिलाफ निकाला गुस्सा
ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर व मेंटेनेंस एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया और कर्मचारियों को बाहर निकालकर मेंटेनेंस ऑफिस बंद करा दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस एजेंसी काम नहीं कर रही है। रखरखाव के अभाव में बास्केटबॉल कोर्ट और अन्य सुविधाएं जर्जर होती जा रही हैं। पार्किंग, लावारिस कुत्तों समेत अन्य समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई। लोगों ने कहा कि अब कोई बहाना और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिल्डर व एजेंसी को तत्काल मांग माननी होंगी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने निवासियों के साथ बैठक की। इसमें तय हुआ है कि दो दिन में निर्णय लेने वालों के साथ बैठक तय कर सूचना देनी होगी। शनिवार या रविवार को बैठक होगी। सभी समस्याओं के समाधान पर मेंटेनेंस कार्यालय को समय बताना होगा। प्रीपेड मीटर से मेंटेनेंस शुल्क लेना बंद करना होगा। एक जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती मेंटेनेंस कार्यालय में करी होगी। प्रदर्शन में चंदन, सुबोध, अमित, दीपचंद, महेंद्र, शंकर, आलोक, प्रदीप समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, अजनारा ली गार्डन सोसाइटी के निवासियों ने भी बिल्डर और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एओए बनाने के दबाव के विरोध में प्रदर्शन
ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी दो के 14 एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप है कि सोसाइटी में 3000 परिवार रह रहे हैं। अभी तक प्राधिकरण से आक्यूपेंसी सर्टिफिकेट नहीं मिला है। इतनी बड़ी सोसाइटी में केवल एक गेट है। पार्किंग, स्वीमिंग पूल, टेनिस कोर्ट समेत काफी सुविधाएं नहीं दी हैं। उनके बिना बिल्डर एओए का गठन करने का दबाव बना रहा है। इससे लोगों में काफी रोष है। निवासियों ने आगे भी प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जंतर मंतर पर जाकर भी करेंगे प्रदर्शन
आंदोलन में अहम भूमिका निभा रहे खरीदार मिहिर गौतम ने कहा कि खरीदारों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। जल्द ही खरीदार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा है कि जल्द ही खरीदार पैदल मार्च भी निकालेंगे। खरीदार अब चुप नहीं बैठेंगे। संघर्ष लगातार जारी रहेगा।