पांच महिलाओं ने संभाला अनशन, डूब क्षेत्र में बिजली की मांग पर 14वें दिन भी धरना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। डूब क्षेत्र की 42 कॉलोनियों में बिजली की मांग को लेकर सेक्टर-123 स्थित पर्थला पुल के पास भारतीय किसान परिषद का धरना रविवार को 14वें दिन भी जारी रहा। भूख हड़ताल पर बैठी पांच महिलाओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पांच अन्य महिलाओं ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। इससे पहले भी भूख हड़ताल के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ चुकी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिषद के अनुसार, धरना स्थल पर 35 लोग भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है। लगातार भूख हड़ताल के कारण पांच महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में बिजली उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। समस्या का समाधान होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। शनिवार को बिजली बहाली को लेकर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता (वाणिज्यिक) उमेश सिंह यादव समेत अन्य अधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला।
मीटर चालू, फिर भी दिन में 5-8 घंटे मिल रही बिजली
नोएडा। डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन देने की कवायद शुरू हो गई है, लेकिन निवासियों का आरोप है कि उन्हें पूरी आपूर्ति नहीं मिल रही है। अस्थायी स्मार्ट प्रीपेड मीटर कनेक्शन दिए जा रहे हैं, लेकिन बिजली आपूर्ति की स्थिति अब भी खराब है। निवासियों के अनुसार, मीटर चालू होने के बावजूद कई इलाकों में दिनभर में पांच से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है।
13 सितंबर से सेक्टर-63 उपकेंद्र से डूब क्षेत्र के निवासियों को अस्थायी कनेक्शन दिए जा रहे हैं, ताकि वे वैध तरीके से बिजली का उपभोग कर सकें। जितेंद्र कॉलोनी निवासी आरिफ ने बताया कि अस्थायी स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद उम्मीद थी कि बिजली आपूर्ति भी नियमित होगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। हनुमान मंदिर गली निवासी श्याम सिंह का कहना है कि बिजली न मिलने से काफी परेशानी हो रही है। वहीं, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता (तकनीकी) वैभव मिश्रा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में आपूर्ति संबंधी शिकायतें हैं, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।