- जीएल बजाज इंस्ट्टियूट के सामने हादसा, कार का नियंत्रण बिगड़ने की वजह से हुई थी घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में सोमवार शाम तेज रफ्तार कार ने दो कॉलेज छात्राओं समेत पांच विद्यार्थियों को टक्कर मार दी। हादसे में पांचों छात्र घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जबकि दो का अब भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल विद्यार्थियों में दो छात्रा और एक छात्र शारदा विश्वविद्यायल में लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि दो अन्य छात्र जीएल बजाज कॉलेज के विद्यार्थी हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम पांचों कॉलेज की छुट्टी के बाद हॉस्टल जा रहे थे। जीएल बजाज कॉलेज के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार एक छात्र-छात्रा को टक्कर मारी। उसके बाद तीन अन्य छात्रों को भी टक्कर मारी दी। कोतवाली प्रभारी सर्वेश कुमार का कहना है कि कार कार अनियंत्रित होने की वजह से हादसा हुआ। वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायलों में शामिल छात्र अंकित के पैर की हड्डी कई जगहों से टूट गई है। ऑपेरशन के लिए उसे दिल्ली के एम्स में रेफर किया जाना है। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिस लाल रंग की कार से हादसा हुआ, उस पर कुछ युवकों ने हमला किया था। उनके मुताबिक, वहां, एक जैसी दो कारें खड़ीं थीं। हमलावरों ने गलत कार को अपना निशाना बना लिया। वहीं, हमला होते देख युवकों ने कार भगाई, लेकिन रास्ते में नियंत्रण बिगड़ने से हादसा हो गया। हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।