यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यमुना प्राधिकरण के पवेलियन में विजिट के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सौंपे थे उद्यमियों को आवंटन पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में पांच कंपनियों को यमुना सिटी में भूखंड के आवंटन पत्र गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में सौंपे थे। यह कंपनियां यमुना सिटी के सेक्टर-29 और सेक्टर-8डी में अपने उद्योग लगाएंगी। इसमें 440.15 करोड़ रुपये का निवेश होना है जिससे करीब 4300 रोजगार सृजित होंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए हैं। उनमें परफैक्टपैक लिमिटेड और सैब्स एक्सपोर्ट्स कंपनियां पैकेजिंग से जुड़े उत्पाद बनाती है। सीएंडआर और साहू एक्सपोर्ट्स गारमेंट के क्षेत्र की बड़ी कंपनियां हैं। इसी तरह सिंपलास्ट इंडिया का ऑटोमोटिव उद्योग के लिए उत्पाद बनाने का बड़ा अनुभव है। इन कंपनियों के उत्पादन शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार जहां सृजित होंगे। वहीं केवल गौतमबुद्धनगर ही नहीं पूरे प्रदेश के लिए यह निवेश औद्योगिक विकास के नए रास्ते खोलेगा। गृहमंत्री के हाथों आवंटन पत्र उद्यमियों को दिलाने का उद्देश्य भी निवेशकों के लिए प्रोत्साहन देना है। निवेशकों को इससे भरोसा बनता है कि सरकार उनके लिए बेहतर नीतियों के साथ पूरी तरह सहयोग के लिए तैयार खड़ी हुई है।
इन कंपनियों को मिले आवंटन पत्र
कंपनी - परफैक्टपैक लिमिटेड
भूखंड - 4 एकड़, सेक्टर-8डी
निवेश व रोजगार - 110 करोड़ रुपये, 450
उद्योग - कॉरूगेटेड बॉक्स पैकेजिंग का उत्पादन।
कंपनी - सिंपलास्ट इंडिया
भूखंड - 3 एकड़, सेक्टर-8डी
निवेश व रोजगार - 76.70 करोड़ रुपये, 300
उद्योग - ऑटोमोटिव उद्योग के लिए एडवांस रोटेशनल मोल्डिंग का उत्पादन।
कंपनी - साहू एक्सपोर्ट्स
भूखंड - 2.5 एकड़, सेक्टर-29
निवेश व रोजगार - 74.21 करोड़ रुपये, 1050
उद्योग - रेडीमेड गारमेंट का उत्पादन।
कंपनी - सीएंडआर टेक्सटाइल्स
भूखंड - 4 एकड़, सेक्टर-29
निवेश व रोजगार - 102.26 करोड़ रुपये, 2000
उद्योग - टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट उत्पादन।
कंपनी - सैब्स एक्सपोर्ट्स इंटरनेशनल
भूखंड - 4 एकड़, सेक्टर-29
निवेश व रोजगार - 86.98 करोड़ रुपये, 500
उद्योग - कॉरूगेटेड बॉक्स पैकेजिंग का उत्पादन।