कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस के साथ हुई मुठभेड़, चोरी का माल बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने मुठभेड़ में सड़क के किनारे लोहे के सजावट के सामान और मेट्रो स्टेशन से तार चोरी करने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीम ने आरोपियों के पास से छोटा हाथी, ब्रेजा कार समेत चोरी का माल बरामद किया है।
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित कुमार शुक्ला ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस बुधवार देर रात को सदरपुर चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी एक छोटा हाथी वाहन और एक ब्रेजा कार से कुछ संदिग्ध लोग आते हुए दिखाई दिए तो पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बदमाश सेक्टर-42 की तरफ भागने लगे तो पुलिस की टीम ने पीछा किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद कॉंबिंग अभियान में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान बिहार निवासी सुमित के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार अन्य बदमाशों की पहचान बदायूं निवासी अनूप लाल, सरिता विहार दिल्ली निवासी प्रवीण उर्फ शूटर, बिहार निवासी कोविन्द और गाजियाबाद निवासी शहनवाज के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में गैंग सरगना सुमित ने बताया कि वह दिल्ली मदनपुर में अपने तीन साथियों के साथ में रहता है। वहीं, कबाड़ी शहनवाज दिल्ली द्वारकापुरी में रहता है। गाजियाबाद में वह कबाड़ी का काम करता है जिसके पास ये चारों चोरी के सामान बेचते थे। पुलिस ने इनके पास से ब्रेजा कार, एक छोटा वाहन, दो लोहा काटने वाली आरी, एक रस्सा, लोहे का हुक, चार बण्डल केबिल, 2 कट्टे केबिल की रब? बरामद किया है। ये चारों सड़क किनारे लगे लोहे के सजावट के सामान चोरी करते थे।