संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
गौतमबुद्ध नगर में पहली बार यूपीबीए अंडर-12 मिनी बालक यूपी स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन होगा। दादरी क्षेत्र के सादोपुर गांव स्थित जेएसबी बॉक्सिंग अकादमी में 24 और 25 अक्टूबर को होने वाली प्रतियोगिता में प्रदेशभर के उभरते बॉक्सर हिस्सा लेंगे। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन ने प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव प्रवेश बैसोया ने बताया कि खिलाड़ियों के मुकाबले 23, 25, 27, 30, 33, 35, 37, 40, 43, 46, 49, 52, 55, 58 और 61 किलोग्राम भार वर्ग में होंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य कम उम्र के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना और उन्हें बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार इस स्तर की अंडर-12 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रदेश के अन्य जिलों के प्रतिभाशाली बॉक्सरों के साथ मुकाबला करने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। आयोजकों को प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है।