फारेस्ट स्पा में पहली रजिस्ट्री करते निवासी
10 साल बाद खरीदार को मिला मालिकाना हक, अब 216 फ्लैट की रजिस्ट्री और सब-लीज की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-93बी स्थित द फॉरेस्ट स्पा सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। करीब 10 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सोसाइटी में पहली फ्लैट रजिस्ट्री हुई। इसके साथ ही वर्षों से लंबित मालिकाना हक मिलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहली रजिस्ट्री फ्लैट संख्या बी-302 की हुई, जिसकी मालकिन सरोज रानी हैं। इस उपलब्धि के साथ अब सोसाइटी के 216 फ्लैट की रजिस्ट्री और सब-लीज की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी।
हाईकोर्ट से आया था फैसला
सोसाइटी में रजिस्ट्री का रास्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट में ओमेक्स बिल्डहोम लिमिटेड और द फॉरेस्ट स्पा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (टीएफएसएओए) के बीच हुए समझौते के बाद साफ हुआ था। 7 मई 2026 को हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट के आधार पर हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों का संयुक्त बयान रिकॉर्ड किया था। इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने पर शुक्रवार को पहली रजिस्ट्री संपन्न हुई। समझौते के तहत ओमेक्स बिल्डहोम लिमिटेड ने एसोसिएशन को 15 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट और 20 करोड़ रुपये की कुल राशि के 15 पोस्ट-डेटेड चेक सौंपे हैं। इससे लंबे समय से अटकी रजिस्ट्री प्रक्रिया के साथ अन्य वित्तीय और प्रशासनिक मामलों के समाधान का रास्ता भी खुल गया है।
टीएफएसएओए के अध्यक्ष अजय गोयल ने कहा कि आज का दिन सोसाइटी के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। वर्षों से खरीदार अपने घर का कानूनी मालिकाना हक मिलने का इंतजार कर रहे थे। लगातार प्रयास, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज पहली रजिस्ट्री संभव हो सकी है। अब बाकी फ्लैटों की रजिस्ट्री भी चरणबद्ध तरीके से कराई जाएगी। पहली रजिस्ट्री कराने वाली फ्लैट स्वामिनी सरोज रानी ने कहा कि 10 साल बाद अपने फ्लैट की रजिस्ट्री होना बेहद भावुक पल है। आज ऐसा लग रहा है कि लंबे संघर्ष का फल मिल गया। आज अपने घर की रजिस्ट्री होने के बाद बहुत संतोष है। इस मौके पर टीएफएसएओए के अध्यक्ष अजय गोयल, विष्णु शंकर, एआईजी स्टांप अरुण शर्मा, सब-रजिस्ट्रार द्वितीय अशोक कुमार, ओमेक्स के प्रशांत बंसल और नोएडा प्राधिकरण के विकास बंसल मौजूद रहे। सोसाइटी के निवासियों ने इस उपलब्धि पर अध्यक्ष अजय गोयल, बिल्डर, नोएडा प्राधिकरण और सभी संबंधित अधिकारियों का आभार जताया।