चार साल बाद महागुन माईवुड्स में पहली एओए का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित महागुन माईवुड्स सोसाइटी के निवासियों को चार साल लंबे संघर्ष और प्रयासों के बाद बड़ी सफलता मिली है। सोसाइटी में पहली बार अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन का गठन किया गया है। एओए बनने के बाद अब निवासियों ने बिल्डर से सोसाइटी का हैंडओवर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एओए की ओर से बिल्डर को नोटिस जारी कर उत्तर प्रदेश अपार्टमेंट एक्ट की धारा 14(5) के तहत सोसाइटी का प्रबंधन और रखरखाव एओए को सौंपने की मांग की गई है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि एओए गठन के लिए पिछले चार वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। एओए सदस्यों ने जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से हैंडओवर प्रक्रिया में सहयोग की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि एओए के माध्यम से सोसाइटी की व्यवस्थाओं को बेहतर करने और निवासियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।
एओए का उद्देश्य सभी अपार्टमेंट मालिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना, निवासियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाना और सोसायटी से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता लाना है। एओए ने इस उपलब्धि में सहयोग करने वाले सभी निवासियों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया है। महागुन माईवुड्स एओए की कार्यकारिणी में अनिल वर्मा अध्यक्ष, आशुतोष शिखरवार उपाध्यक्ष, रिपुंजय शुक्ला सचिव, सौरभ सिंह संयुक्त सचिव, सौरभ बंसल कोषाध्यक्ष चुना गया है।