ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र में छात्र पर फायरिंग के आरोपियों की तलाश में सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद ली जा रही है। शनिवार रात को राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी के पोते प्रियांशु भाटी की कार पर बदमाशों ने फायरिंग और पथराव किया था। कैमराला गांव निवासी प्रियांशु भाटी 12वीं का छात्र है। वह ओमिक्रोन-1 स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ता है। इसी कोचिंग में उसके साथ पढ़ने वाले एक छात्र से किसी बात पर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर शनिवार की शाम जब प्रियांशु अपनी कार से घर लौट रहा था। तभी आरोपी छात्र अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और कार पर हवाई फायरिंग कर दी। इस दौरान पीड़ित के साथ दो अन्य लोग भी साथ में थे। घटना के बाद आरोपी मौके से धमकी देते हुए फरार हो गए थे। वहीं कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि मामले में केस दर्ज है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। ब्यूरो