खंदौली। थाना क्षेत्र के ग्राम वास सोना में बुधवार की शाम मकान निर्माण के विवाद में दो पक्ष आमने–सामने आ गए। मारपीट होने के साथ दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई। छर्रा लगने से 16 वर्षीय किशोरी अंजली घायल हो गई। गोलियां चलने से ग्रामीण सहम गए। फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग निकले। तनातनी के मद्देनजर पुलिस ने गांव में डेरा डाल रखा है।
पुलिस के मुताबिक ग्राम वास सोना निवासी अभयपाल सिंह का पड़ोसी रवि से विवाद चल रहा है। रवि मकान का निर्माण करा रहा है। अभयपाल सिंह गेट निकालने पर आपत्ति जता रहा था। बुधवार की शाम इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने–सामने हो गए। इनके बीच मारपीट और फायरिंग हुई। छर्रा लगने से अभयपाल सिंह की 16 वर्षीय बेटी अंजली घायल हो गई। छर्रा अंजली की कमर पर लगे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गांव में गोली चलने की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।