एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 15 जून को डायल-112 पर सूचना मिली कि बुलंदशहर से दादरी की तरफ जीटी रोड पर कार सवार युवकों ने फायरिंग की है। सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। 17 जून को कोतवाली पुलिस को अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास कार खड़ी होने की सूचना मिली। टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग की पर पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया। जबकि दो मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल निवासी साकीपुर, नीटू उर्फ कुलदीप निवासी बड़पुरा दादरी और मनोज उर्फ गुड्डू निवासी बरमदपुर गुलावटी बुलंदशहर के रूप में हुई है। मौके से अर्जुन निवासी मुर्सदपुर और नवीन निवासी निहाल विहार पंजाबी बाग दिल्ली फरार हो गए। कार के साथ आरोपियों के पास से दो पिस्टल, 4 तमंचा और तमंचे की दो नाल व 32 कारतूस बरामद किए है। आरोपियों के पास से 127 खाली खोखा भी बरामद किए गए है। एडीसीपी ने बताया कि 15 जून को जीटी रोड पर एक कार चालक ने बार-बार हॉर्न बजाकर आरोपियों से साइड मांगी थी। इसके लिए हॉर्न भी बजाया। इस पर आरोपियों ने दूसरी कार के चालक को डराने के लिए टशन में गोली चलाई थी।
हथियार की तस्करी में शामिल है दो आरोपी
एडीसीपी ने बताया कि गुलावटी निवासी मनोज उर्फ गुड्डू तमंचों की तस्करी करता है। उसी ने तमंचा उपलब्ध करवाए थे। जबकि फरार अर्जुन भी अवैध हथियारों की तस्करी करता है। दोनों पिस्टल उसी ने उपलब्ध करवाई थी। अर्जुन फिलहाल दनकौर कस्बे में रहता है। दो दिन पहले ही दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी थी। शक है कि आरोपी हथियार बनाने की कंपनी से तस्करी करने का काम कर रहे है। सभी आरोपी दोस्त है।
राहुल पर बादलपुर थाना में एक और नीटू पर छह मुकदमें दर्ज है। राहुल 12वीं पास है और दूध व खेती का काम करता है। वहीं नीटू 8वीं पास और स्पेयर पार्ट्स व थ्री व्हीलर चलाता है। मनोज भी खेती करता है। पुलिस ने बताया कि कार राहुल के पड़ोसी गौरव के मौसा की है। जिसे गौरव से दो दिन के लिए चलाने को लिया था। आरोपी अवैध हथियारों का प्रयोग मौज मस्ती और लोगों को डराने धमकाने के लिए करते थे।