कंपनी में लगी आग, बिजली के उपकरण जले
ग्रेटर नोएडा। दादरी के धूममानिकपुर गांव स्थित गुडलुक इंजीनियरिंग कंपनी में शुक्रवार सुबह आग लग गई। आग से ट्रांसफार्मर और तीन करोड़ रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण जल गए। सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सहायक प्रबंधक हेम चंद्र तिवारी ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। किसी ने तुरंत बादलपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल की 2 गाड़ियों को बुलाया। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, कंपनी में उत्पादन पूर्ण रूप से बंद हो गया है। ट्रांसफार्मर के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स पैनल और पार्ट को बदलने में तीन दिन का समय लगेगा। तब तक उत्पादन बंद रहेगा।