दोना-पत्तल बनाने वाली कंपनी के बेसमेंट में लगी आग
-इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र की घटना, चार घंटे में पाया गया काबू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर में दोने-पत्तल बनाने वाली कंपनी के बेसमेंट में आग लग गई। आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अफसरों का कहना है कि शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-3 के उद्योग केंद्र वन के प्लॉट नंबर 315 में दोने-पत्तल बनाने की कंपनी चल रही है। कंपनी कोतवाली के पास है। कंपनी के बेसमेंट में सामान रखा हुआ था। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि सुबह 10:53 बजे कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। जिस पर इकोटेक-3 फायर स्टेशन की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग बड़ी थी तो आसपास के स्टेशन की गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। कीब 4 घंटे में 5 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। लाखों रुपये का सामान जल गया है। उन्होंने बताया कि बेसमेंट बंद था। ऊपरी तल पर काम चल रहा था। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।