जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 7ः40 बजे सोसाइटी की मार्केट की दुकान से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और घना काला धुआं दूर से ही दिखाई देने लगा। जिससे आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई। आग लगते ही लोग अपनी-अपनी दुकानों और घरों से बाहर निकल आए और तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और आग आसपास की अन्य दुकानों व रिहायशी हिस्सों तक फैलने से बच गई। यदि आग फैल जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
ईकोटेक-3 फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार ने गैलेक्सी रॉयल सोसायटी की मार्केट में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए करीब 45 मिनट में पूरी तरह से आग को नियंत्रित कर लिया।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।