ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा स्वीट्स हाउस में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। दमकल विभाग की दो यूनिटों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास की दुकानों तक आग नहीं फैली और बड़ा हादसा टल गया।
ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र के पटवारी बाग स्थित अन्नपूर्णा स्वीट्स हाउस में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
विज्ञापन
सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि आग लगने की सूचना रविवार को दोपहर 2:45 बजे फायर स्टेशन पर प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही 2:46 बजे गौर सिटी यूनिट और दादरी यूनिट को रवाना कर दिया गया था। गौड़ सिटी यूनिट की टीम करीब 3:11 बजे घटनास्थल पर पहुंची, जहां दुकान से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं।
दमकल विभाग ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दो अग्निशमन वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को पूरी तरह शांत कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
विज्ञापन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट या विद्युत उपकरणों में खराबी के कारण लगने की आशंका है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस और फायर विभाग की टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित कर हालात सामान्य किए।