40 कर्मचारियों और 10 गाड़ियों की मदद से बुझाई गई आग, करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख, कोई हताहत नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सुल्तानपुर गांव में कपड़े के गोदाम में बुधवार देर रात आग लग गई। इससे लाखों के कपड़े व अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग के 40 कर्मचारियों और 10 गाड़ियों की मदद से छह घंटे में आग को काबू किया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-128 स्थित सुल्तानपुर गांव में कपड़े का बड़ा गोदाम है। उसमें करीब 40 कर्मचारी काम करते हैं। गोदाम में भूतल व प्रथम तल पर कपड़ों का स्टॉक रखा था। मंगलवार देर रात गोदाम की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। कपड़े जलने लगे और तेजी से आग की लपटें निकलने लगीं। देखते-देखते आग पूरी गोदाम में फैल गई। अंदर धुआं फैल गया। जब आग लगी तब अंदर कोई नहीं था।
आसपास के लोगों ने आग की सूचना पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी। अग्निशमन विभाग ने सात दमकल वाहनों को मौके पर भेजा। आग का बढ़ता दायरा देखकर तीन गाड़ियां भेजी गईं जिससे उस पर काबू पा लिया गया। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। टीम ने आसपास के भवनों को भी आग से बचा लिया। गोदाम में रात में भी कुछ कर्मचारी रहते हैं लेकिन दिवाली के कारण कोई मौजूद नहीं था।
-
देर से मिली सूचना
आग लगने के बाद आसपास के लोग कुछ देर तक गोदाम मालिक से संपर्क करने में लग गए। करीब 45 मिनट बाद आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। इस दौरान आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। बताया जा रहा है कि आग से 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।