ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्वस्थम अस्पताल के बाहर बृहस्पतिवार सुबहकरीब 10:42 बजे अचानक से ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग के कारण एक बाइक जो ट्रांसफार्मर के नीचे सड़क पर खड़ी थी वह जल गई। आग के कारण अस्पताल में अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
आग लगने की सूचना मिलने पर 10:55 बजे अस्पताल कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत अस्पताल के आसपास की जगह खाली करवाई गई। खासतौर पर अस्पताल के बगल में बने प्ले स्कूल से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पास के खुले मैदान में ले जाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्चों को सुरक्षित निकालने के दौरान काफी सावधानी बरती गई, जिससे किसी को कोई चोट नहीं आई। ट्रांसफार्मर में लगी आग के कारण बाहर खड़ी एक बाइक पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा, अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा है। वहीं सीएफओ प्रदीप चौबे का कहना है कि आग लगने की सूचना पर एक गाड़ी भेजी गई थी। तत्काल आज पर काबू पा लिया गया है। आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।