ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रोन स्थित मिग्सन अल्टीमो सोसाइटी में एक हफ्ते में दूसरी बार आग लगने की घटना हो गई। निवासियों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं। निवासियों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे सोसाइटी के एक फ्लैट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं बालकनी में बने एसी होल्स के जरिए बाहर आ रहा था। उस समय फ्लैट बंद था और उसमें रहने वाले लोग बाहर गए हुए थे। निवासियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तब देखा बेडरूम में आग लगी हुई थी। पूरे घर का सामान जल गया। जिस घर में आग लगी उस समय मालिक नहीं थी। पड़ोसियों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया।
निवासी सुशांत खंडेलवाल ने बताया कि आग काफी फैल चुकी थी और पूरे कमरे में धुआं भर गया था। उन्होंने बताया कि आग की लपटें तेजी से उठ रही थी। निवासियों ने दरवाजा तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। निवासियों का आरोप है कि फायर अलार्म सिस्टम काम नहीं कर रहा था। अगर यह सिस्टम काम कर रहा होता, तो आग की सूचना समय रहते मिल सकती थी और नुकसान को कम किया जा सकता था। निवासियों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है जब फायर सेफ्टी सिस्टम ने जवाब दिया हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
निवासियों ने बताया कि ओपन एरिया को पार्किंग के लिए अलॉट कर दिया गया है, जबकि यह जगह आपातकालीन स्थितियों में फायर ब्रिगेड जैसी बड़ी गाड़ियों के लिए खाली रहनी चाहिए। इस अव्यवस्था के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी देरी हुई। आरोप है कि गाड़ी करीब एक घंटे तक रास्ता साफ होने का इंतजार करती रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फायर विभाग के अधिकारी एफएसओ जितेंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही उनकी टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तब तक आग को काफी हद तक नियंत्रित किया जा चुका था। उन्होंने यह भी कहा कि इस सोसाइटी के खिलाफ पहले भी फायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।