कीर्ति नगर की घटना, टिनशेड में बने कमरे में सो रहे थे दोनों
दमकल की सात गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर पाया काबू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कीर्ति नगर की फर्नीचर मार्केट में रविवार तड़के एक इमारत की चौथी मंजिल पर बने गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग की सात गाड़ियों ने आग पर एक घंटे में काबू पा लिया। इस दौरान पता चला कि छत पर टिनशेड से बने एक कमरे में दो लोग रहते हैं। दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर आजमगढ़ निवासी अतुल राय (45) और गया निवासी नंद किशोर दुबे (65) अचेत मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अतुल फर्नीचर गोदाम में काम करते थे, जबकि नंद किशोर रिक्शा चालक थे। परिजनों ने इमारत के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
दमकल विभाग के मुताबिक, रविवार तड़के 4:27 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दो सौ गज में बनी इमारत चार मंजिला है। आग छत पर रखे फर्नीचर में लगी थी जो पड़ोस की छत पर भी फैल गई थी। स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों को बताया कि छत पर टिनशेड के कमरे में दो लोग रहते थे। दमकलकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर धुआं भरा हुआ था। एक शख्स बिस्तर व दूसरा जमीन पर अचेत पड़ा था। दमकल कर्मियों ने दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि कमरे में धुआं भरने से उनका दम घुट गया। पुलिस ने शुरुआती जांच में फर्नीचर पर जलता पटाखा गिरने से आग लगने की आशंका जताई है। आग कमरे के बाहर दोनों तरफ लगी हुई थी। ऐसे में धुआं तेजी से कमरे में घुसा और कमरे में मौजूद दोनों लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इमारत के मालिक ने छत पर गोदाम बना रखा था। इमारत में सोफे के कवर बनाने का काम होता था।