मनीमाजरा। रविवार देर रात रेलवे स्टेशन के सामने मिठाई के बॉक्स बनाने वाली गत्ते की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। रात करीब साढ़े 9 बजे उठीं आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं। आग इतनी भयानक थी कि आसपास के मकानों, दुकानों और गोदामों तक भी दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों तक आग बुझाने में जुटी रहीं। खबर लिखे जाने तक रात 12 बजे भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
जीरकपुर निवासी फैक्टरी के मालिक अमृतपाल सिंह सेठी ने बताया कि उनकी फैक्टरी में मिठाई रखने वाले बॉक्स तैयार किए जाते थे। त्योहारों और शादियों के सीजन के चलते दो दिन पहले ही नया स्टॉक मंगवाया गया था। सेठी ने कहा कि रात 8 बजे फैक्टरी और ऑफिस बंद करके घर चला गया था। रात 9 बजे किसी ने कॉल कर बताया कि फैक्टरी में आग लग गई है।
आग से कई गाड़ियों को नुकसान
तेज लपटों की वजह से फैक्टरी के पास खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। आसपास की कुछ कारों के शीशे फट गए। स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानों और घरों से पानी डालकर आग के फैलने से रोकने की कोशिश की। आग लगने की सूचना मिलते ही एरिया पार्षद बिमला दुबे के पति और पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे व कांग्रेसी नेता सुमरी लाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने फायर कर्मचारियों की मदद की।