जनगणना में ड्यूटी से गायब 29 शिक्षकों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
ग्रेनो प्राधिकरण ने दी तहरीर, डीसीपी नोएडा को कार्रवाई के लिए लिखा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जनगणना के लिए ड्यूटी रिसीव न करने और शासकीय कार्य मेें असहयोग करने पर प्रागणक बनाए गए 29 शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने डीसीपी नोएडा को पत्र लिखा है।
प्रभारी अधिकारी और ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव का कहना है कि जनगणना के काम में करीब 3000 प्रागणकों में काम बांटे गए हैं। इनमें से 29 प्रागणक ऐसे हैं, जिन्होंने अंतिम समय गुजरने के बाद भी ड्यूटी नहीं की। इनसे मोबाइल पर संपर्क कर व्हाट्सएप पर ड्यूटी भेज दी गई है लेकिन इन लोगों ने ड्यूटी संबंधित दस्तावेज लेने से मना कर दिया। जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में सहयोग न करने के चलते इनके खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई करने के लिए डीसीपी नोएडा को पत्र लिखा गया है।
जिन 29 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है, उनमें सीमा देवी, प्रदीप कुमार, प्रीति शर्मा, आर्य, वंदना सिंह, जीके बाबू, शशि, अमिता सिंह, प्रीति सिंह, मनीषा मथुरिया, प्रमोद सिंह, किशोरी, वंदना, ममता, दुरदाना, नीतू, प्रदीप शर्मा, गुलाब सिंह, ललिता, दुर्गा शुक्ला, धन देवी, कमल सिंह चौधरी, राजेश कुमार व अन्य शामिल हैं। इनके खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जिन प्रागणकों ने अभी तक जनगणना का काम शुरू नहीं किया है, वे शीघ्र ड्यूटी रिसीव कर जनगणना कार्य पूरा करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।