मंगलवार शाम पालतू कुत्ते को टहलाते समय किया था हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-50 में मंगलवार शाम अपने पालतू कुत्ते पोमेरियन को टहला रही महिला पर पिटबुल के हमले के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं महिला को बृहस्पतिवार दोपहर अस्पताल से छुट्टी मिल गई। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। पीड़िता के पति ने पिटबुल के मालिक के खिलाफ शिकायत दी थी।
7 जुलाई को शाम 7 बजे सेक्टर-50 निधि राठी अपने पालतू कुत्ते को टहला रही थीं तभी सामने से आ रहे पिटबुल ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके टेल बोन में भी फ्रैक्चर भी आ गया था। महिला को सेक्टर-50 के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के परिजनों ने बताया कि उनका पूरा परिवार सदमे में है और इस घटना के बाद से सभी लोग बहुत डरे हुए हैं। एसीपी राकेश सिंह ने बताया कि इस मामले की शिकायत प्राप्त हुई। मामले में स्थानीय पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।
प्राधिकरण में कुल 8374 कुत्ते एवं बिल्ली रजिस्टर्ड
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण में कुल 8374 कुत्ते और बिल्लियां रजिस्टर्ड हैं। इसमें 90 फीसदी कुत्ते हैं। उन्होंने बताया कि पिटबुल की किसी प्रजाति पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है।
वर्जन
लतू कुत्ते के मालिकों को स्वयं, लिफ्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों में दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मजल लगाना चाहिए। प्राधिकरण के नियम अनुसार अगर कुत्ता किसी पर हमला कर देता है या काट लेता है तो कुत्ते के मालिक पर 10,000 का जुर्माना और पीड़ित के इलाज खर्च देना अनिवार्य है। हाल ही में गाजियाबाद नगर निगम ने हाल ही में कुत्तों की आक्रामक प्रजातियों के नए रजिस्ट्रेशन बंद कर दिए हैं। नोएडा प्राधिकरण को भी ऐसे कदम उठाने चाहिए।-राजीव सिंह नोफा अध्यक्ष