नॉलेज पार्क कोतवाली के उप निरीक्षक ने स्वत: संज्ञान लेकर दर्ज कराई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क में स्कॉर्पियो के पोल से टकराने से ऋषभ अत्री (25) की माैत से जुड़ा वीडियो सामने आया है। इसके बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए अलीगढ़ भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल सिंह लाला के भतीजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में उप निरीक्षक आलोक चौधरी ने बताया कि 8 मई की रात काले रंग की स्कॉर्पियो कार ने कल्चर होटल के सामने तेज गति में होने की वजह से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। हादसे में कार में सवार अलीगढ़ निवासी ऋषभ चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पाया कि दुर्घटना के समय गुरुदेव उर्फ गोलू गाड़ी चला रहा था। उसकी पहचान भाजपा के अलीगढ़ जिलाध्यक्ष के भतीजे के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा-281 (सार्वजनिक रास्तों पर लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने) व धारा-106 (1) (लापरवाही या जल्दबाजी के कारण होने वाली मृत्यु) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
परिजन ने लगाया था हत्या का आरोप
अलीगढ़ के जट्टारी गांव निवासी गुरुदेव उर्फ गोलू शुक्रवार को उपने दोस्त ऋषभ, पुत्र दिनेश के साथ ग्रेटर नोएडा घूमने आया था। इसी दौरान हादसा हुआ था। कार की रफ्तार इतनी अधिक थी कि पोल से टकरा कर सड़क पर लट्टू की भांति दो चक्कर लगने के बाद रुकी थी। मामले में परिजन की ओर से हत्या के आरोप लगाए गए थे।