डिश टीवी के तीन अधिकारियों पर धोखाधड़ी का केस
नोएडा। अदालत के आदेश पर सेक्टर-20 कोतवाली में डिश टीवी इंडिया कंपनी के तीन अधिकारियों पर 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। डिश टीवी के अधिकारी नफीस ए सिद्दीकी ने तहरीर में आरोप लगाया कि नोएडा निवासी डीएस कपूर कंपनी में अधिकारी हैं। 2007 से 2010 के बीच पिता की फर्म को गलत तरीके से करीब 20 लाख रुपये का काम दे दिया। कंपनी के ही सीनियर मैनेजर एस महाजन और मैनेजर मुदित टंडन दोनों कपूर को ही रिपोर्ट करते हैं। तीनों ने मिलीभगत कर एक फर्म को दिए गए काम के फर्जी बिलों का भुगतान करा लिया। जबकि वह काम हुए ही नहीं थे। 2010 में ऑडिट के दौरान मामला पकड़ में आया। इनके अलावा पूर और मुदित टंडन का ई-मेल चेक किया तो पता चला कि कुछ और वेंडर को बिना सेवा भुगतान किया गया है। 13 लाख 50 हजार रुपये बकाया भी दिखाया गया है। फंसने पर मुदित टंडन ने हिस्से में आए रुपये कंपनी को वापस कर दिया है। कंपनी ने एसएसपी से शिकायत की थी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इंस्पेक्टर राजबीर सिंह चौहान ने बताया कि अदालत के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।