पोवारी स्थित फैक्टरी में संदिग्ध हालात में लगी थी आग
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गांव पोवारी स्थित एक बंद गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम पहुंची और करीब पांच फायर टेंडरों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस मामले में बुधवार को ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, मंगलवार की रात 1:38 बजे डेल्टा डीसीआर से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके तुरंत बाद फायर स्टेशन ईकोटेक-1 की टीम रवाना की गई। वहां पहुंचने पर पता चला कि मेसर्स प्राइम प्रेसिंग टूल्स प्राइवेट लिमिटेड के बंद गोदाम में आग लगी हुई है। कर्मियों ने सुबह सात बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि, आगजनी की आशंका है। अग्निशमन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई का अनुरोध किया है। वहीं, कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि मामले की जांच जारी है।