- फर्जी बिलिंग और सामान चोरी कर बाहर बेचने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी की निदेशक ने तीन कर्मियों पर करीब 2.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।कंपनी की निदेशक डॉ. बिंदु सूरी का आरोप है कि कंपनी के तीन कर्मचारियों सचित त्यागी (जनरल मैनेजर), सौरभ चौहान (सप्लाई चेन मैनेजर) और उदयवीर सिंह (मानव संसाधन प्रबंधक) ने धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने चार अगस्त 2025 को ऑडिट और निरीक्षण कराया तो जांच में यह बात सामने आई कि कई वर्षों से कंपनी का कीमती सामान चोरी कर बेचा जा रहा था। कंपनी के ही एक अन्य कर्मचारी राजा की मदद से ऐसे माल के फर्जी बिल बनाए गए थे। जांच के दौरान उदयवीर के मोबाइल में संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया था। निदेशक की शिकायत के अनुसार, जब उन्होंने इस मामले में सचित से पूछताछ की तो उसने कथित रूप से शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसके बाद से सचित और सौरभ कंपनी से गायब चल रहे हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।