जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर का मामला
दादरी(संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर में फर्जी दस्तावेज तैयार कर गलत तरीके से जमीन का बैनामा कर लिया गया। मामले में न्यायालय के आदेश पर चार महिला समेत 10 नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि नोएडा के भंगेल बेगमपुर निवासी राजेश सिंह ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी कराई है। जारचा कोतवाली क्षेत्र के जैतवारपुर में प्रतीक सिंह की 0.6120 हेक्टेयर जमीन है। उनकी जमीन को हड़पने के लिए फर्जी फर्जी दस्तावेज तैयार कर राजेश सिंह व प्रतीक सिंह के स्थान पर अज्ञात व्यक्ति को खड़ा कर जमीन का आधा भाग खुशबू देवी के नाम बैनामा कराया गया। इसके बाद खुशबू देवी ने फरवरी में जमीन का कुछ हिस्सा संदीप कुमार को बेच दिया। जमीन का कुछ हिस्सा पारुल गुप्ता, सुमन आहूजा व अलका को बेचा गया। जारचा कोतवाली में शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया थे। इसके बाद खुशबू देवी, संदीप कुमार, शुभम गोयल, पारुल गुप्ता, सुमन आहूजा, अलका, मोहित राम, भगत सिंह, राकेश बंसल, शशि रंजन प्रसून व दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।