नोएडा। सेक्टर-22 स्थित चौड़ा रघुनाथपुर गांव में जमीन पर अवैध निर्माण करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। भूलेख विभाग के लेखपाल की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पिछले दिनों इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने आदेश पारित किया गया था कि न्यायालय के अगले आदेश तक नोएडा प्राधिकरण याचिकाकर्ताओं को खसरा प्लॉट संख्या 530 व 618 से बेदखल नहीं करेगा और वहां किसी भी प्रकार का ध्वस्तीकरण नहीं किया जाएगा। साथ ही याचिकाकर्ताओं को भी संबंधित भूमि पर किसी भी तरह का नया निर्माण करने से रोका गया था। इस आदेश के बाद भी राजेंद्र शर्मा, कमल शर्मा, मूलचंद शर्मा, रजत शर्मा द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए अवैध निर्माण गतिविधियां जारी हैं। कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार का कहना है कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की जा रही है। ब्यूरो