चालक की लापरवाही से बस के नीचे आ गई थी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। दनकौर थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव में स्कूल बस से कुचलकर पांच वर्षीय छात्रा की मौत के मामले में चालक और स्कूल प्रबंधक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बस को पहले ही सीज कर लिया था। चालक और प्रबंधकी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की बेटी भूमि तालड़ा ध्रुव पब्लिक स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। बृहस्पतिवार की दोपहर छुट्टी के बाद वह स्कूल बस से घर लौटी थी। गली के पास बस से उतरने के बाद जैसे ही वह घर की ओर बढ़ी, तभी चालक की लापरवाही से वह उसी बस के नीचे आ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता की शिकायत पर चालक चमन और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।