- मृतक के परिजन ने लगाए पुलिस कस्टडी में पिटाई से मौत के आरोप, पुलिस बोली, हार्ट अटैक से हुई मौत
- सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मदरसा वाली गली का मामला
-दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कराई क्रास एफआईआर
-शराब के नशे में हुई वारदात, पुलिस ने तीन हिरासत में लिए
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात शराब के नशे में दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। झगड़े में ट्रक चालक ने चाकू से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के दौरान ट्रक चालक भी घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ट्रक चालक के परिजनों ने मंगलवार को सूरजपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस कस्टडी में पिटाई से मरने के आरोप लगाकर हंगामा किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि चालक की मौत हार्ट अटैक से हुई है। पिटाई से मौत के आरोप निराधार है। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
वह मूलरूप से बुलंदशहर निवासी नेता सिंह (32) ट्रक चालक है। वह अपने भाई कमल सिंह के साथ सूरजपुर कस्बे में बराही मंदिर के पास मदरसा वाली गली में किराए के मकान में प्रथम तल रहते थे। इसी मकान में बुलंदशहर जिले के तीन सगे भाई राजकुमार, प्रेमपाल और गौरव भी रहते हैं। सोमवार रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों के लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। आरोप है कि गाली-गलौज के बीच झगड़ा बढ़ने पर नेता सिंह ने राजकुमार पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में नेता सिंह भी चोटिल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को शारदा अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान नेता सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं राजकुमार की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
-
परिजनों ने लगाए पुलिस कस्टडी में मौत के आरोप
नेता सिंह के परिजन का आरोप है कि झगड़े के बाद पुलिस कमल और नेता सिंह को चौकी ले गई थी। उन्हें सूरजपुर कोतवाली लाकर हवालात में बंद कर दिया गया। चौकी में पुलिसकर्मियों ने दोनों भाईयों के साथ मारपीट कीे। कोतवाली में रात करीब 2 बजे नेता सिंह तबीयत बिगड़ने से वह बेहोश हो गया। पुलिस उसे शारदा अस्पताल ले गई। मंगलवार सुबह 6 पुलिस ने नेता सिंह की मौत की सूचना दी। कमल सिंह और उनके परिजन कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि नेता सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया था। पुलिस कस्टडी में मौत के आरोप निराधार हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। राजकुमार के भाई गौरव की तहरीर पर मृतक नेता सिंह के भाई कमल सिंह और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वहीं मृतक नेता सिंह के परिजन की ओर से राजकुमार, प्रेमपाल, गौरव और वकील समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
बीएस वीर, एसीपी सेंट्रल नोएडा