- बीटा-2 थाना क्षेत्र के होटल आनंदम ग्रैंड में हुई वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 क्षेत्र में एक युवक को होटल के कमरे में बुलाकर कथित रूप से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शनिवार को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रयागराज निवासी हर्ष सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 सितंबर की रात उन्हें हर्ष तिवारी और अपूर्व सिंह राजपूत का फोन आया। दोनों ने उन्हें होटल आनंदम ग्रैंड के एक कमरे में आदित्य यादव के साथ बुलाया और कहा कि जो पैसा उन्होंने लोकेश यादव उर्फ रोहित को उधार दिया था, वह वापस लेने आ जाएं। जब वह होटल कमरे में पहुंचे तो वहां हर्ष तिवारी, अपूर्व सिंह राजपूत, लोकेश यादव उर्फ रोहित और शिवेन्द्र राय पहले से मौजूद थे। सभी नशे की हालत में थे। अपूर्व सिंह राजपूत बाथरूम से बाहर आते ही पीड़ित के परिवार के सदस्यों के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। विरोध करने पर लोकेश यादव उर्फ रोहित ने पीड़ित का कॉलर पकड़ लिया। सभी आरोपियों ने मिलकर उससे मारपीट की।
मारपीट के चलते वह बेहोश हो गया। घटना के दौरान पीड़ित ने अपने परिचित हर्षवर्धन भारती को फोन कर स्थिति की जानकारी दी थी। हर्षवर्धन मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। बेहोश होने के बाद आरोपियों ने समझा कि उसकी मौत हो चुकी है, जिसके बाद सभी होटल से फरार हो गए। घटना में पीड़ित के सिर, चेहरे, नाक, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।