87 वर्षीय बुजुर्ग के खाते से 9 बार में निकाली गई धनराशि
- सेक्टर-168 के निवासी के खाते से यूपीआई के जरिये हुआ लेनदेन, बैंक स्टेटमेंट से खुलासा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने सेक्टर-168 में रहने वाले 87 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते को निशाना बनाकर 6.41 लाख रुपये निकाल लिए। छह से 12 अक्तूबर के बीच नौ बार यूपीआई के माध्यम से लेनदेन किया गया। बुजुर्ग को इन भुगतानों की जानकारी नहीं थी। बैंक स्टेटमेंट की जांच के दौरान खाते से रकम निकलने का पता चला। इसके बाद उनके बेटे ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 87 वर्षीय बुजुर्ग पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारक हैं। वह भारतीय रेलवे में मुख्य अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। छह से 12 अक्तूबर 2026 के बीच उनके खाते से 9 बार रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई। सभी लेनदेन यूपीआई के जरिये हुए। बुजुर्ग ने न तो इन भुगतानों की अनुमति दी थी और न ही उन्हें इसकी जानकारी थी। परिजनों ने बैंक स्टेटमेंट देखा तो कुल 6,41,000 रुपये की निकासी सामने आई। शिकायत में फोन हैक कर ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से धोखाधड़ी किए जाने की आशंका जताई गई है।
हालांकि, रकम किस तरह निकाली गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा। साइबर थाना प्रभारी विजय कुमार राणा ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस संबंधित लेनदेन व बैंक खातों की जांच कर रही है।