दादरी। रेलवे ई-टिकटों का अवैध कारोबार करने के मामले में पुलिस ने नोएडा के सेक्टर 37 से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 28 ई-टिकट, मोबाइल फोन और 11 सौ रुपये की नकदी बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे के ई-टिकटों का अवैध कारोबार करने के मामले में जांच की जा रही थी। जांच के दौरान रेलवे की ई-टिकटों की कालाबाजारी करने वाले एक व्यक्ति को चिन्हित किया। चिन्हित करने के बाद पुलिस टीम ने नोएडा के सेक्टर-37 स्थित अंबेडकर बिहार में सत्यव्रत रावत के यहां पर छापा मारा। छापे के दौरान यूजर आईडी से अवैध रूप से रेलवे ई- टिकट भविष्य यात्रा के 15 तथा भूतकाल यात्रा के 13 ई-टिकट मिले। जिनकी कीमत करीब 77 हजार रुपये है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आरपीएफ कोतवाली ले आई। गहन पूछताछ में बताया कि वह पिछले दो साल से पर्सनल यूजर आईडी से रेलवे ई-टिकटों का अवैध कारोबार कर रहा था। वह प्रत्येक टिकट पर कीमत से दो सौ रुपये से लेकर पांच सौ रुपये अधिक लेता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। संवाद