माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-44 निवासी शिवम पाल ने मोती ज्वेलर्स के संचालक लक्की वर्मा और उसके परिजनों पर बहन की शादी के लिए जेवर उपलब्ध कराने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये ठगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिवम पाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने तीन फरवरी 2026 को लक्की वर्मा को शादी के लिए जेवर बनवाने हेतु 2.90 लाख रुपये ऑनलाइन और 60 हजार रुपये नकद दिए थे। आरोपी के पिता मोतीलाल वर्मा भी उस समय मौजूद थे। आरोप है कि शादी से पहले केवल 50 हजार रुपये का सामान दिया गया और बाकी के लिए आश्वासन दिया गया। बाद में आरोपी लक्की वर्मा और उसके भाई राहुल वर्मा ने दुकान बंद कर दी और संपर्क करने पर न तो जेवर दिए और न ही पैसे लौटाए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी। सेक्टर 39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।