(अदालत से)
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। लुहारली टोल प्लाजा पर 10 जून को हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले के आरोपी करन यादव को सेशन कोर्ट से जमानत मिल गई है। अभियोजन के अनुसार टोल प्लाजा मैनेजर रजनी कांत द्विवेदी की शिकायत पर दादरी थाने में 11 जून प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप था कि 10 जून की शाम लेन नंबर 9 पर काली स्कॉर्पियो आई। टोल मांगने पर सवार लोगों ने कर्मचारी लोकेश से गाली-गलौज और मारपीट की। पीछे दूसरी गाड़ी से आए साथियों ने भी हमला किया। आरोपियों ने टोलकर्मी को घायल कर दिया, जान से मारने की धमकी दी और बूम बैरियर तोड़कर फरार हो गए। बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि करन यादव छात्र है। उसे गलतफहमी के कारण फंसाया गया है। स्कॉर्पियो करन की नहीं है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार करन घटना से कई मिनट पहले ही टोल पार कर चुका था। कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी को जमानत दी है।