थार से युवक की कार में मारी कई, सारी घटना इलाके के सीसीटीवी में हुई कैद, अस्पताल में भर्ती है घायल
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। दनकौर कोतवाली के गांव रीलखा में थार सवार युवकों की दबंगई का मामला सामने आया है। कार ओवरटेक करने के दौरान पहले युवकों ने एक कार को टक्कर मार दी। जब कार चालक ने इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया और बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। जिसके बाद युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने इस मामले में शिकायत देकर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं यह सारी घटना नजदीक में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई है।
अच्छेजा बुजुर्ग गांव निवासी शरीफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके चेचरे भाई आरिफ सोमवार शाम परिवार के 2 अन्य सदस्यों के साथ कार से दनकौर जा रहे थे। रीलखा गांव के पास एक थार गाड़ी सवार ने पीछे से ओवरटेक करते समय उनकी कार में टक्कर मार दी। जब उनके भाई ने इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने गुस्से में उनकी कार में कई बार टक्कर मारी। इसके बाद आरिफ ने अपनी कार रोक दी और बाहर आकर आरोपियों से बात करने की कोशिश की। जिसके बाद तीनों आरोपियों ने उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। उनके सिर और शरीर पर कई बार हमला किया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गाजियाबाद निवासी नासिर उर्फ सोनू, कासिम और माजिद के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।