- सहेली और उसके प्रेमी समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज
- मारपीट के दौरान पीड़ित का वीडियो बनाने का भी आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर जीटा-2 स्थित पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी में एक फ्लैट में साथ रहने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट और तोड़फोड़ का रूप ले लिया। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शनिवार को लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बक्सर बिहार निवासी माधवी सिंह पैरामाउंट गोल्फ फोरेस्ट सोसाइटी में रह रही थीं। इसी फ्लैट में उनकी सहेली श्रेया सिंह भी रहती थी, लेकिन सोसाइटी में केवल उन्हीं दोनों के रहने की अनुमति तय थी। इसी बीच श्रेया ने अपने प्रेमी निहाल को भी फ्लैट में साथ रखना शुरू कर दिया, जिसे लेकर दोनों सहेलियों के बीच विवाद चल रहा था।
12 सितंबर की रात श्रेया, निहाल और उनके दो अन्य साथी साक्षी और वरदान जबरन फ्लैट में घुस आए। सभी ने फ्लैट में जमकर तोड़फोड़ की और इसके बाद माधवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसका सिर बार-बार दीवार में दे मारा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, मारपीट के दौरान आरोपियों ने पीड़िता का वीडियो भी बना लिया। वहीं कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर श्रेया सिंह के अलावा निहाल, साक्षी और वरदान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।