हादसे में स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी घायल
नोएडा। सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। महिला पुलिसकर्मी के पति ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-113 में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बरौला के महावीर कॉलोनी निवासी प्रभाष सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी पत्नी कोमल उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में कार्यरत हैं। 20 मार्च की रात को ड्यूटी समाप्त कर वह घर आ रही थीं। जब वह सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचीं तभी पीछे से आ रही अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज है और कार चालक का पता लगाया जा रहा है। ब्यूरो