-वीडियो बनाने पर तीन युवकों ने किया विवाद, मोबाइल छीनकर डिलीट कराने का दबाव
नोएडा (संवाद)। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सेक्टर-122 स्थित सीएनजी पंप पर हूटर बजाने का वीडियो बनाने पर महिला पत्रकार से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायत के अनुसार, दो अक्तूबर की रात करीब दस बजे महिला पत्रकार पंप पर कार में सीएनजी भरवाने पहुंची थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार को हूटर बजाते देख उन्होंने वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि कार सवार युवकों ने उनकी कार की चाबी निकाल ली और मोबाइल से वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर गालीगलौज और मारपीट की। पुलिस को सूचना देने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।