जेल वार्डन ने फर्जी आईडी बना महिला कर्मी पर किए पोस्ट
आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर छानबीन में जुटी पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला कारागार में तैनात महिला कर्मी को बदनाम करने के लिए मारूफ नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके चरित्र पर आरोप लगाते हुए कई पोस्ट किए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल ने फर्जी फेसबुक अकाउंट की जांच की तो पता चला कि यह आईडी जेल वार्डन ओम बाबू की है। आरोपी ओम बाबू के खिलाफ केस दर्ज कर ईकोटेक-एक थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ईकाेटेक-एक थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीड़ित जेल कर्मी ने कहा है कि मारूफ नाम के फेसबुक अकाउंट से उसके चरित्र पर आरोप लगाते हुए कई पोस्ट किए गए हैं। उसके बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि जेल परिसर में महिला कर्मी सुरक्षित नहीं हैं। महिला कर्मी का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ। कई महीनों से उसे इस तरह बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।